पहलवान रवि कुमार दहिया ने 57 किग्रा वर्ग में पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में आज रूस के दो बार के विश्व चैंपियन जावुर युगुएव से 4-7 से हारने के बाद टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता है। इस प्रकार 23 वर्षीय खिलाड़ी ओलंपिक में कुश्ती में पहलवान सुशील कुमार के बाद रजत पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरुष पहलवान बन गए हैं। यह टोक्यो ओलंपिक में मीराबाई चानू, पी वी सिंधु, लवलीना बोरगोहेन और पुरुष हॉकी टीम द्वारा जीते गए पदकों के बाद भारत का पांचवां पदक है। राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और देश भर के लोगों ने रजत पदक विजेता पहलवान रवि कुमार दहिया को बधाई दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को बधाई एवं शुभकामना दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 41 वर्षों पश्चात मिली जीत भारत को आने वाले समय में विश्व हॉकी का चैंपियन बनाने के लिये प्रेरित करेगी।
