उत्तरकाशी के धराली में हुई घटना से रक्षाबंधन सादगी से मना

मसूरी

मसूरी

मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्तरकाशी के धराली गांव में बादल फटने की दुखद घटना को देखते हुए रक्षाबंधन का कार्यक्रम सादगी से मनाया गया।

बता दें कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान कोई भव्य सांस्कृतिक आयोजन नहीं किया गया और आपदा के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की सह प्रभारी सांसद रेखा वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं पर  पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

रेखा वर्मा ने सबसे पहले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को राखी बांधी, जिसके पश्चात समारोह में आईटीबीपी की वीरांगनाओ सहित भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने मंत्री गणेश जोशी की कलाई में राखी बांधकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उत्तरकाशी के धराली गांव में आई प्राकृतिक आपदा के कारण हम सभी का मन व्यथित है। उन्होंने आपदा में प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घटना में घायल हुए लोगों की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मेरे राजनैतिक जीवन की सफलता का श्रेय मैं अपनी बहनों के स्नेह, आशीर्वाद और अटूट विश्वास को देता हूं। उन्होंने कहा कि यह उन्हीं के प्रेम का परिणाम है कि मैं तीन बार मसूरी और एक बार राजपुर विधानसभा से विधायक चुना गया। मंत्री जोशी ने कहा कि मेरा और मेरी बहनों का यह रिश्ता केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मा के उस गहरे बंधन से जुड़ा है, जहां मेरी किसी भी बहन को कोई पीड़ा होती है तो वह दर्द मुझे भी महसूस होता है।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक पर्व को केवल एक उत्सव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सामाजिक समरसता और महिला सम्मान का सशक्त माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि उनके आयोजनों में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी यह स्पष्ट दर्शाती है कि उन्होंने न केवल मसूरी के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया है, बल्कि महिलाओं के उत्थान को भी अपने जीवन का मिशन बनाया है। रेखा वर्मा ने मंत्री गणेश जोशी की तुलना करते हुए कहा कि “जैसे उत्तर प्रदेश में सुरेश खन्ना जी नौ बार विधायक रह चुके हैं और जनता के बीच एक जन नेता के रूप में प्रतिष्ठित हैं, उसी प्रकार कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी उत्तराखंड में एक सच्चे जनसेवक और जन नेता के रूप में अत्यंत लोकप्रिय हैं।
कार्यक्रम में भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने कहा कि यह रक्षाबंधन किसी मंत्री को राखी बांधने का नहीं, बल्कि उस भाई के प्रति बहनों की भावनाओं का उत्सव है, जिसने अपने निस्वार्थ सेवा भाव और समर्पण से उनका विश्वास अर्जित किया है। नेहा जोशी ने कहा कि बीते पंद्रह वर्षों से बहनें हर परिस्थिति में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ खड़ी रही हैं, और यह रिश्ता आत्मीयता व आस्था का प्रतीक है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री की धर्म पत्नी निर्मला जोशी, कुशाल राणा, मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल , सतीश ढूँढ़ियाल सहित भारी  संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

Spread the love