मसूरी
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) की बैठक नगर अध्यक्ष भगवान सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें चार श्रम संहिताओं और मोदी सरकार की कार्पोरेटपरस्त नीतियों के खिलाफ संयुक्त ट्रेड यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने व श्रमिकों की समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक को सीटू के जिला महामंत्री कॉमरेड लेखराज व सीपीएम के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र पुरोहित ने संबोधित किया।
सीटू यूनियन कार्यालय माउंटरोज में आयोजित सीटू की बैठक को कॉमरेड लेखराज ने संबोधित किया। बैठक में उन्होंने भाजपानीत मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार पूरी तरह से श्रमिक व मजदूर विरोधी है। उन्होंने कहा कि यह पूंजीपतियों की सरकार है और यह सरकार लगातार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सुनियोजित तरीके से श्रमिक विरोधी नीतियां बना रही है। उन्होंने कहा कि इसी नीति के तहत मोदी सरकार द्वारा श्रम कानूनों से छेड़छाड़ कर चार श्रम संहिताओं को लागू किया जा रहा हैं। यदि यह श्रम संहिताये लागू होती है तो इससे श्रमिकों को उनके कार्य स्थल पर मिल रहे अधिकार खत्म हो जाएंगे और पूंजीपति वर्ग द्वारा श्रमिकों का शोषण बढ़ जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए आमजन मानस पर प्रीपेड बिजली के मीटर थोपने जा रही है। इससे सबसे अधिक समस्या श्रमिक वर्ग को ही होने वाली है। इसके खिलाफ सीटू लगातार लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाताओं को सरकार एनजीओ के अधीन करने की योजना बनाने जा रही हैं। ऐसे में मातृशक्ति का शोषण और बढ़ जाएगा। उन्होंने श्रमिकों का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की इन पूंजीपरस्त नीतियों के खिलाफ 20 मई को होने वाले राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए लामबंद हों।
बैठक को सीपीएम के राज्य सचिव कॉमरेड राजेंद्र पुरोहित ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मजदूर जब तक अपने अधिकारों के लिए जागरूक नहीं होता है तब पूंजीपतिपरस्त सरकारें उनका दमन करती रहती हैं। उन्होंने कहा इसलिए अब मोदी सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ आरपार की लड़ाई करने का समय आ गया है। इसलिए 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए मजदूर वर्ग को अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करनी होगी। वहीं उन्होंने देहरादून में होने वाले ट्रेड यूनियनों के संयुक्त अधिवेशन में भागीदारी करने का आह्वान भी किया।
बैठक में नगर अध्यक्ष कामरेड भगवान सिंह चौहान ने होटल श्रमिकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर उनके द्वारा सीटू की स्थानीय कार्यकारिणी के विस्तार का प्रस्ताव लाया गया, जिसे सर्वसहमति से पारित कर कामरेड सोबन सिंह पंवार को सीटू का नगर कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में सीटू की सदस्यता बढ़ाने और मई दिवस को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक को आशा स्वास्थ्य कार्यकर्त्री यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कामरेड सिवा दुबे, एडवोकेट व कॉमरेड अभिषेक भंडारी, ममता राव आदि ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन सीटू के नगर महामंत्री कॉमरेड गंभीर पंवार ने किया।
बैठक में आशा यूनियन की अध्यक्ष बीना रावत, महामंत्री सुनीता सेमवाल, होटल रेस्टोरेंट कर्मचारी संघ के महासचिव विक्रम बलूडी, सीटू की नगर सचिव ममता राव, सुनीता तेलवाल, राजेश्वरी डोभाल, उषा भट्ट, संगीता भंडारी, ललिता , शिक्षा, रामप्यारी देवी, सुधा कंडारी, यशोदा रावत, लबी देवी, वैजयंती, सुमा देवी, त्रिलोक सिंह , बलवंत नेगी, महिपाल सिंह, हुकम सिंह राणा, विजय कुमार, ललित भट्ट सहित बड़ी संख्या होटल कर्मचारी, आशा वर्कर्स उपस्थित रहे।