Sunday, September 08, 2024

विधायक शैलारानी रावत के निधन से उत्तराखंड में शोक

उत्तराखंड देहरादून मसूरी

रावत का अंतिम संस्कार कल गुप्तकाशी में उनके पैतृक घाट पर किया जाएगा। इससे पहले आज सुबह 9 राजपुर रोड स्थित उनके आवास पिनाकल रेजीडेंसी में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। 10.30 बजे बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लाया जाएगा। शाम को पार्थिव शरीर रुद्रप्रयाग ले जाया जाएगा। कल 11 जुलाई सुबह 7 बजे से 8 बजे तक स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में स्थानीय जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी। सुबह 11 बजे गुप्तकाशी में त्रिवेणी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बताते चलें कि दिवंगत विधायक शैलारानी उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा की बहिन है। उनकी शिक्षा दीक्षा मसूरी में हुई। उनके निधन के समाचार सुनकर मसूरी में भी शोक छा गया। राजनीतिक और सामाजिक संघटनों के लोगों ने शोक व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलबीर रोड, स्थित भाजपा कार्यालय में केदारनाथ विधायक श्रीमती शैलारानी रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने विधायक श्रीमती शैलारानी रावत के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन पूरे प्रदेश एवं पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपनी विधानसभा की जन समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती शैलारानी रावत केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा समर्पित भाव से कार्य करती थी और जनता की समस्याओं को सरकार एवं शासन स्तर पर प्राथमिकता से रख कर उनका समाधान करवाती थी। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम छोर में खड़े लोगों की आवाज को उठाने और समाधान की ओर ले जाने का कार्य किया। उनका सरल, सहज एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व था।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोक संतप्त परिजनों और शुभचिंतकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। उन्होंने कहा कि श्रीमती शैलारानी रावत की कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को सदैव याद रखा जायेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत,  रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक  उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, रेनू बिष्ट,  सुरेश सिंह चौहान एवं पार्टी पदाधिकारियों ने श्रीमती शैलारानी रावत को श्रद्धांजलि दी।

Spread the love