विभिन्न देशों से आये सिविल सेवकों ने जानी पालिका की कार्य प्रणाली@अध्यक्ष मीरा ने किया पारंपरिक रूप से स्वागत

उत्तराखंड मसूरी

मसूरी

नगर पालिका परिषद मसूरी में बहु-देशीय सिविल सेवकों की बैठक आयोजित। जिसमें 12 विभिन्न देशों के सिविल सेवकों ने पालिका की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने विदेशी सिविल सेवकों के पारंपरिक रूप से स्वागत किया।

शनिवार को नगर पालिका परिषद मसूरी में अध्यक्ष मीरा सकलानी एवं अधिशासी अधिकारी स्वास्थ्य राजेश डोबरियाल की अध्यक्षता में बहु-देशीय सिविल सेवकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आए हुए प्रतिनिधियों को नगर पालिका की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान बताया गया कि नगर पालिका किस प्रकार शहर की व्यवस्थाओं का संचालन करती है तथा अध्यक्ष और सभी 13 वार्ड सभासद आपसी समन्वय से मसूरी के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए कार्य करते हैं।

इस बैठक का उद्देश्य नगर निकाय की जिम्मेदारियों और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली से प्रतिनिधियों को अवगत कराना रहा: नगर पालिका परिषद मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी की ओर से 12 देशों से आए सिविल सेवकों एवं टीम लीडर्स का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बैठक के सफल समापन के उपरांत NCGG की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मीरा सकलानी ने उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं का परिचय देते हुए सभी 12 देशों के टीम लीडर्स को पहाड़ी टोपी एवं देवदार से जुड़े पारंपरिक उपहार भेंट कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी अतिथियों के आगमन को मसूरी के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके प्रति धन्यवाद प्रकट किया।

Spread the love