उत्तराखंड की लोकेशन खूब भा रही है फ़िल्म निर्माताओ को

CM Pushkar Singh Dhami

मसूरी

उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पर्वतीय भू-दृश्यों और आकर्षक शूटिंग स्थलों के कारण देश के प्रमुख फ़िल्म शूटिंग गंतव्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रसिद्ध निर्देशक श्री अनीस बज़्मी के निर्देशन में बन रही फ़िल्म ‘SVC60’ वर्किंग टाइटल की शूटिंग उत्तराखण्ड के मसूरी और लंढौर क्षेत्र में की जा रही है। फ़िल्म में राष्ट्रीय फिल्म सम्मान से सम्मानित सुप्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेत्री राशि खन्ना प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फ़िल्म का निर्माण दिल राजू के प्रोडक्शन हाउस श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स (SVC) द्वारा किया जा रहा है।

फ़िल्म की शूटिंग 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है। इसके लिए मसूरी, मॉल रोड, लंढौर, लंढौर स्थित चार दुकान क्षेत्र तथा ऐतिहासिक राधा भवन एस्टेट, होटल सवॉय जैसे प्रमुख स्थलों को चुना गया है। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता, औपनिवेशिक स्थापत्य और विशिष्ट पहाड़ी परिवेश फ़िल्म के दृश्यों को आकर्षक पृष्ठभूमि प्रदान करेंगे।

उत्तराखण्ड सरकार राज्य में फ़िल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखण्ड फ़िल्म नीति 2024 के अंतर्गत अनुकूल वातावरण विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। नीति का उद्देश्य राज्य को फ़िल्म निर्माताओं के लिए सुविधाजनक और पसंदीदा शूटिंग गंतव्य बनाना तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को फ़िल्म पर्यटन से जोड़ना है।

राज्य में लागू सिंगल विंडो क्लेयरेन्स सिस्टम (7 दिन के अंदर शूटिंग अनुमति) के माध्यम से फ़िल्म शूटिंग से संबंधित अनुमतियों और आवश्यक औपचारिकताओं को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे फ़िल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करने में सुविधा मिलती है और अनुमति प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने में मदद मिलती है। यह व्यवस्था राज्य में ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नई फ़िल्म नीति के माध्यम से उत्तराखण्ड में फ़िल्म शूटिंग, स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों के लिए अवसर, परिवहन, होटल, खान-पान और अन्य स्थानीय सेवाओं की मांग बढ़ाने की संभावनाएँ मजबूत हुई हैं। बड़े फ़िल्म प्रोजेक्ट राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करते हैं।

उत्तराखण्ड फ़िल्म विकास परिषद् राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फ़िल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए फ़िल्म निर्माताओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। ‘SVC60’ जैसी फ़िल्मों की शूटिंग से उत्तराखण्ड की फ़िल्म-अनुकूल पहचान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Spread the love