अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए 18 अक्टूबर को इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे
दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति निरस्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा ज्ञापन
देहरादून
मूल निवास भू कानून संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने इंडिया गेट से अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर 18 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गेट पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि रविवार को दोपहर 12 बजे इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक मार्च किया जाएगा और राष्ट्रपति महोदया को ज्ञापन सौंपकर अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।
मोहित डिमरी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज भी कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। हत्याकांड में कथित VIP के रूप में दुष्यंत गौतम और अजय कुमार के नाम सामने आने के बाद जनता के मन में गंभीर सवाल हैं। इन नामों को लेकर राज्य भाजपा के पूर्व विधायक और उनकी पत्नी के बीच कथित ऑडियो वार्ता के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारी जनदबाव के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनवरी में इस मामले की CBI जांच के आदेश दिए, लेकिन अब तक जांच की प्रगति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में जनता के मन में न्याय मिलने को लेकर सवाल और आशंकाएं बनी हुई हैं।
मोहित डिमरी ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP को लेकर लगातार आरोपों के बीच उन्हें संवैधानिक पद पर नियुक्त किए जाने से उत्तराखंड की जनता आहत है। लोगों को आशंका है कि इस नियुक्ति से जांच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इन आशंकाओं को दूर करना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मोहित डिमरी ने राष्ट्रपति महोदया से अपील की कि दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति निरस्त करने पर विचार किया जाए और अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा, “यह केवल अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता और स्वाभिमान की लड़ाई है। हम राष्ट्रपति के समक्ष अपनी मांगें रखने और अंकिता को न्याय दिलाने की अपील करने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। उत्तराखंड की जनता चाहती है कि इस मामले में सच्चाई सामने आए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो।”
