लेखक गांव में साहित्यिक महाकुंभ का भव्य समापन@60 देशों के साहित्यकारों ने किया प्रतिभाग

CM Pushkar Singh Dhami उत्तराखंड साहित्य

 

थानो, देहरादून

लेखक गांव में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति एवं कला महोत्सव–2026 का समापन माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा जी की उपस्थिति में हुआ। 60 देशों के प्रतिभागियों की सहभागिता वाले इस महोत्सव में साहित्य, लेखन, कला, संस्कृति, शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। पांच दिनों तक चले संवाद और विचार-विमर्श ने भारतीय भाषाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच प्रदान किया।

महोत्सव का शुभारंभ माननीय राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी ने किया था। समापन समारोह में सम्मिलित होकर ‘धरती का स्वर्ग उत्तराखंड’ एवं ‘देवभूमि का काव्य पुष्प’ पुस्तिकाओं का विमोचन किया।

लेखक गांव की परिकल्पना के प्रणेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ जी के दूरदर्शी विचार को लेखक गांव की निदेशक श्रीमती विदुषी निशंक जी आगे बढ़ा रही हैं। यह पहल साहित्यकारों, कलाकारों, विचारकों और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर भारतीय ज्ञान परंपरा तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित कर रही है।

पांच दिनों तक चले इस महोत्सव में विविध विषयों पर आयोजित सत्रों के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इसने लेखक गांव को साहित्य और संस्कृति के एक विशिष्ट केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वास्तव में, यह आयोजन साहित्यकारों के लिए एक साहित्यिक तीर्थ के समान रहा, जहां विचार, सृजन और सांस्कृतिक चेतना का संगम देखने को मिला।

उत्तराखंड में साहित्यकारों को सम्मानित करने, हिंदी सहित स्थानीय भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन को प्रोत्साहन देने तथा साहित्यिक पर्यटन विकसित करने के प्रयास प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव–2026 ने इसी संकल्प को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाया।

Spread the love