गाँधी व शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई, प्रदेशभर में जगह-जगह हुए कार्यक्रम सीएम धामी समेत पूरी केबिनेट ने बापू और शास्त्री का भावपूर्ण स्मरण किया

उत्तराखंड देहरादून मसूरी राजनीति

देहरादून/मसूरी

प्रदेशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उल्लास के साथ मनायी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत समूचे मंत्रिमंडल ने बापू और शास्त्री का भावपूर्ण स्म्रण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी जयंती के अवसर पर गांधी पार्क, देहरादून में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी  की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।   मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी ने सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए सबको प्रेरित किया। भारत को आजादी दिलाने के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।  कहा कि हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करूणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।  इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन  राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव  राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव, सचिवों सहित अन्य उच्चाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शनिवार को सचिवालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राम धुन बजाई गई। मुख्य सचिव द्वारा इस अवसर पर सभी को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।
पर्यटन नगरी में गांधी व शास्त्री जंयती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गये वहीं मुख्य कार्यक्रम गांधी निवास सोसायटी में आयोजित किया गया जहां कबीना मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रंद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जो आयाम स्थापित किए उनको पूरा करने का संकल्प लेना चाहिए। देश में जो विषमताएं हैं उन्हें समाप्त करने का संकल्प लेने के साथ ही उनके बताये मार्ग पर चलना चाहिए। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश वासियों को महापुरूषों के जीवन आदर्शो को अपने जीवन में उतारना चाहिए। तभी इस दिन की सार्थकता सिद्ध होगी। इस मौके पर महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें छात्र छात्राओं ने देश भक्ति के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी वहीं गांधी व शास्त्री के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ कबीना मंत्री गणेश जोशी एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य मनोज रयाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में गांधी निवास सोसायटी के अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा एवं मंत्री शैलेंद्र कर्णवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मोके पर चंद्रप्रकाश गोदियाल, मनमोहन कर्णवाल, भापजा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, अरविंद सेमवाल, धर्मपाल पंवार, आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने नगर पालिका एवं गांधी चैक पर ध्वजारोहण किया व गांधी तथा शास्त्री को याद किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांधी जी ने जहां अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजाद कराया वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने देश को आत्म निर्भर बनाने का मंत्र दिया। स्कूलों में भी गांधी व शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गये।

Spread the love