मसूरी
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा सोमवार को पर्यटन नगरी मसूरी के पिक्चर पैलेस स्थित शहीद भगत सिंह चौक के समीप होटल रोमियो लेन में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला (Food Safety Training and Certification – FoSTaC) का आयोजन किया गया।
होटल रोमियो लेन के जनरल मैनेजर रोहित पाठक ने बताया कि FSSAI के अधिकारियों द्वारा मसूरी-देहरादून के विभिन्न होटलों के कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यशाला में लगभग 35 होटल कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें होटल रोमियो लेन, ब्रांडवुड द फर्न, होटल रमाडा और देहरादून के होटल सैफरॉन लीफ के कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यशाला में कर्मचारियों को हाइजीन से संबंधित विस्तृत जानकारियां दी गईं। इसमें सब्जियों को काटने के सही तरीके, स्वच्छता बनाए रखने के लिए हाथ धोने की उचित विधि, नाखूनों की साफ-सफाई, मीट और सब्जियों को फ्रिज में रखने के उचित स्थान तथा कूड़ा निस्तारण की विधियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
FSSAI के सीनियर कंसल्टेंट जगदीश चन्द्र पांडे ने बताया कि विभाग द्वारा होटल कर्मचारियों को जागरूक करने और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि कुछ सप्ताह बाद विभाग द्वारा 8 घंटे की एडवांस ट्रेनिंग के लिए दोबारा कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर FSSAI के सीनियर कंसल्टेंट जगदीश चंद्र पांडे, नेशनल हेड प्रेमचंद शर्मा, होटल रोमियो लेन के जनरल मैनेजर रोहित पाठक, सुहानी नेगी, रोहित बिष्ट, सूरज, अंकित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
