मसूरी-देहरादून मार्ग पर दिनभर जाम में घंटों फंसे रहे सैलानी, शनिवार को बारिश कम और कोहरा का लगा रहा पहरा

उत्तराखंड जन समस्या मसूरी

मसूरी
पर्यटन नगरी में शनिवार सुबह से लेकर देर रात तक कोहरे का पहरा लगा रहा। अलबत्ता आज बारिश कम हुई। मगर मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगी धार के पास बार-बार मलबा गिरने से सड़क पर यातायात बाधित हुआ। जिससे सैलानी और रोजाना अपडाउन करने वाले लोग जाम में फंसे रहे। मसूरी-देहरादून मार्ग पर दिन में एक बार तो चार किलोमीटर तक जाम लग गया। जाम के झाम से सैलानी हलकान हुए। कई पर्यटकों की मसूरी घूमने की हसरत भी पूरी नही हुई। वही देर रात तक भी बार-बार जाम जैसी स्थिति बनी रही। गनीमत यह रही कि शनिवार को मसूरी में बारिश अपेक्षाकृत बहुत कम हुई। लेकिन समूची पर्यटन नगरी कोहरे के आगोश में समा गई। रात में भी कोहरा लगा होने से विजिविलिटी कम होेने से वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
ब्ताते चले कि वीकेंड पर नगर में भारी संख्या में पर्यटकों की आमद हुई है। श्रीकृष्ण जन्माष्टी के पर्व पर लंबे वीकेंड के चलते मैदानी क्षेत्रों से काफी संख्या में सैलानियों ने पहाड़ों की और रूख किया हैं। बारिश से अधिकांश पहाड़ी इलाकों में मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। वही मसूरी में भी बीते दो दिनों से गलोगीधार में पहाड़ी से लगातार मलबा धंसने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार और गुरूवार को हालत यह रही कि मसूरी-देहरादून मार्ग करीब 20 घंटे यातायात के लिए अवरूद्व रहा। भारी बारिश से मलबा हटाने में दिक्कतें पेश आयी थी। वही शनिवार सुबह से करीब साढ़े दस बजे तक यातायात सुचारू रहा। लेकिन उसके बाद गलोगी धार में मलबा और पहाड़ी धंसने से यातायात काफी देर तक अवरूद्व हो गया। जिससे मसूरी-देहरादून मार्ग पर लंबा जाम लग गया। गलोगीधार से लेकर पानी वाले बैंड और इधर मसूरी की और भट्टा गांव, चूनाखाला के पास वाहनों का जमघट लग गया। मार्ग पर अवरू़द्व होने से दैनिक रूप से देहरादून से अपडाउन करने वाले कर्मचारियों, दुकानदार और अन्य लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। वही शनिवार देर शाम को कोहरा छंटते ही मसूरी-देहरादून मार्ग पर वाहन सरपट दौड़ते दिखाई दिए। वीकेंड पर मालरोड सैलानियों से गुलजार रही। रात के वक्त मौसम कुछ देर के लिए सुहावना हो गया। सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया।

Spread the love