प्रेमचंद के साहित्य पर हुई चर्चा, जन्मदिन पर किया याद

मसूरी शिक्षा

मसूरी

हिंदी साहित्य के महान उपन्यासकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर देववाणी प्रचारिणी सभा एवं आर एन भार्गव इंटर कालेज के संयुक्त तत्वाधान में अर्वाचीन भारत और प्रेमचंद पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें उनके साहित्य पर चर्चा की गई।
आरएन भार्गव इंटर कालेज के सभागार में आयोजित गोष्ठी में एमकेपी महाविद्यालय की पूर्व संस्कृत विभाग की अध्यक्ष मुख्य वक्ता डा. विद्या सिंह ने कहा कि उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद का साहित्य आज भी उतना ही सार्थक है जितना उस समय था। उनके साहित्य में कहीं भी भोजपुरी नहीं मिलती। जबकि वह उस क्षेत्र में रहते थे। उन्हांेने समाज के दबे कुचले लोगों को केंद्र में रखकर साहित्य का सृजन किया है। उन्होंने कहा कि कि इतिहास केवल बड़े लोगों व राजा महाराजाओ की बात करता है। प्रेमचंद के साहित्य में आमजन का व्यक्तित्व झलकता है। वह प्रगतिशील लेखकों में रहे।
इस मौके पर एमपीजी कालेज संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष डा. प्रमोद भारती ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य ऐसा साहित्य है जिसमें पूरे भारत वर्ष की तस्वीर मिलती है। उनकी कहानी बडे़ घर की बेटी, ईदगाह, पंच परमेश्वर, नमक का दरोगा हो या उपन्यास गोदान हो उसमें इतनी सरल भाषा का प्रयोग किया जो पढ़ने वाले के दिल को छू जाता है। उनका साहित्य एक दर्शन है। कार्यक्रम में डा. सोनिया आनंद ने कहा कि मुंशी प्रेम चंद का साहित्य मर्मस्पर्शी है, जो दिल को छू जाता है। उन्होंने कहा कि साहित्य से उनका लगाव रहा है तथा कई बड़े साहित्यकारों की कविताओं का पाठ कई मंचों में किया है , कार्यक्रम का संचालन करते हुए देववाणी प्रचारिणी सभा के मंत्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण गत दो वर्षो से सांस्कृतिक शून्य पैदा हो रखा था जो आज मुंशी प्रेमचंद की जयंती से टूटा है। उन्होंने कहा कि मुंशी प्रेचचंद का साहित्य आज भी सार्थक है। कार्यक्रम में आरएन भार्गव इंटर कालेज हिंदी की प्रवक्ता रंजना पंवार ने मुंशी प्रेमचंद की जीवनी पर प्रकाश डाला व कहा कि सेवा का व्यवसायी करण उस समय भी हो गया था जिस पर मुंशी प्रेमचंद ने मंत्र कहानी लिखी व कहानी के अंशों पर प्रकाश डाला व कहा कि उन्होंने पहले उर्दू में लिखना शुरू किया व बाद में हिंदी में लिखना शुरू किया। अंत में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य अनुज तायल ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कमल कैंतुरा, सतीश कुमार, विजय भटट, डा. मयूष, ममता राव, अनीता सक्सेना, रूपचंद आदि मौजूद रहे।

Spread the love